अलाव तापने के दौरान साड़ी में लगी आग, नवविवाहिता की मौत
खूंटपानी(प्रकाश कुमार गुप्ता): खूंटपानी प्रखंड के पांड्राशाली गांव के लिए क्रिसमस के दिन गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा साबित हुआ। क्योंकि उस गांव की 34 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान आज तड़के 4:00 बजे लगभग उसकी मौत हो गई। जिसका आज सदर अस्पताल चाईबासा के पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम हुआ। स्थानीय ग्रामीणों और बड़े भाई बुधराम पूर्ति के अनुसार 21 दिसंबर रविवार संध्या लगभग 4:00 बजे अलाव तापने के दौरान उसकी में साड़ी में आग लगने से नवविवाहिता सुनीता पूर्ति रूप से झुलस गई, जिसकी इलाज के दौरान आज सदर अस्पताल में मौत हो गई। बताया गया है कि सुनीता की शादी को अभी मात्र पांच महीने ही हुए थे।


जानकारी के अनुसार, मृतका के पति विक्रम पूर्ति के परिवार में एक बुजुर्ग के निधन के कारण शव को दफनाने के लिए कब्रिस्तान गया हुआ था। ठंड अधिक होने के कारण सुनीता घर में दो अन्य महिलाओं के साथ अलाव ताप रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी साड़ी में आग लग गई। घबराहट में वह इधर-उधर दौड़ने लगी, जिससे आग और फैल गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जमशेदपुर रेफर किया गया, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिजनों ने सदर अस्पताल में ही इलाज कराने का निर्णय लिया। इलाज के दौरान गुरुवार तड़के करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और सहायता देने की मांग की है। यह घटना ठंड के मौसम में अलाव जलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित करती है।

