Newsझारखण्ड

अंधविश्वास में भाभी की हत्या, 2 लाख की सुपारी देकर बुलाया शूटर; तमाड़ कांड का पुलिस ने किया खुलासा

तमाड़ थाना क्षेत्र के तालाडीह गांव में सामने आई महिला की कथित आग से मौत का मामला अब अंधविश्वास से जुड़ी साजिशन हत्या में बदल गया है। रांची पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एक फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि एतवारी कुमारी नामक महिला की मौत चूल्हे की आग से जलने के कारण हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। लेकिन दो फरवरी को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत जलने से नहीं, बल्कि सिर में गोली लगने से हुई थी।

जांच में सामने आया कि मृतका के देवर सोनाराम लोहरा को अंधविश्वास था कि एतवारी कुमारी जादू-टोना करती है और उसी के कारण उसके बच्चों की मौत हुई। इसी शक के चलते उसने अपने साले अमित लोहरा के साथ मिलकर दो लाख रुपये में शूटर विष्णु महतो को हत्या की सुपारी दी।

एक फरवरी की शाम शूटर ने महिला को गोली मार दी और फिर हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को आग के हवाले कर दिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *