Newsझारखण्डसरायकेला

अंजनेय इस्पात लिमिटेड में चोरी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, सामान व वाहन बरामद

गम्हरिया:

गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित अंजनेय इस्पात लिमिटेड कंपनी के स्टोर रूम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी किए गए सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग कुमार महतो, लखन महतो, विशाल लोहार, आकाश गोराई, गौतम कुमार एवं आसिफ अली शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 12 मार्च 2026 को कंपनी के स्टोर रूम से तांबे का दो बाल्टीनुमा ट्यूयर तथा पीतल के चार ब्रास बुश की चोरी की गई थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद किया, जिसमें 48 किलोग्राम वजन के दो कॉपर ट्यूयर एवं 66 किलोग्राम के चार ब्रास बुश शामिल हैं। इसके अतिरिक्त चोरी में इस्तेमाल किया गया ‘छोटा हाथी’ वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सराहना मिल रही है। यह सफलता पुलिस की सतर्कता और सक्रियता का परिचायक मानी जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *