अंतिम श्रावणी सोमवारी पर बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने ग्रहण किया प्रसाद
सरायकेला – सावन माह की अंतिम सोमवारी पर सरायकेला स्थित प्राचीन बाबा बुद्धेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से जलाभिषेक किया और मनोकामना पूर्ति की कामना के साथ बाबा का आशीर्वाद लिया।


इस अवसर पर आयोजित 49वां वार्षिक सार्वजनिक विशाल भंडारा भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
प्राचीन बाबा बुद्धेश्वर भक्त मंडल की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य आयोजन किया गया। मंडल के सदस्य व नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मंदिर वर्षों पुराना है और यहां श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। वर्ष भर भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन सावन माह की सोमवारी का विशेष महत्व होता है।
उन्होंने बताया कि अंतिम सोमवारी के भंडारे में हजारों शिव भक्तों ने भाग लिया और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पुजारी असित दास, घटो दास, रिषु दास, अभिषेक चौधरी, संजय कुमार अग्रवाल, कैलाश चेतानी, हेमकांत मंडल, प्रहलाद साहू, विक्की साहू, लड्डू चौधरी, उज्जवल सामल, सुदर्शन मोदक सहित बाबा बुद्धेश्वर भक्त मंडल के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

