अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर वन स्टॉप सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा की ओर से अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर सोमवार को वन स्टॉप सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश–सह–अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के तत्वावधान में किया गया।


कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी, वन स्टॉप सेंटर के कर्मी, हिमांशु जेना और अधिकार मित्र मौजूद थे। इस दौरान प्रतिभागियों को मानवाधिकार, मौलिक अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी और स्पॉन्सरशिप योजना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।

अधिकार मित्र सूरज कुमार ठाकुर ने बताया कि मानवाधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मौलिक अधिकारों का पालन और संरक्षण सुनिश्चित करने में आम जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता अधिनियम के तहत उपलब्ध अधिकारों का सही उपयोग करने की अपील की।
वन स्टॉप सेंटर की कर्मी नलिनी मैडम ने केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए महिलाओं से जुड़ी समस्याओं, बाल विवाह और महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों में अधिकारों और सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।

