NewsSportsझारखण्ड

अशोक जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26

 

 

लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब को पराजित कर चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी क्वार्टर फाईनल में

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): दाहिने हाथ के लेग स्पिन गेंदबाज परमजीत सिंह की घातक गेंदबाजी (20/5) एवं सुमित शर्मा (44 नाबाद) तथा अनुज उरांव (34 नाबाद) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी ने लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब को एक आसान मुकाबले में सात विकेट से पराजित कर क्वार्टर फाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब क्वार्टर फाईनल में चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी का मुकाबला चक्रधरपुर के ही शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी से 12 फरवरी को होगा।

 

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर चल रहे 10वें अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए मैच में टॉस लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता तथा पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 20.2 ओवर में मात्र 123 रन पर सिमट गई। इस टीम की ओर से राजीव विश्वकर्मा ने दो चौके एवं दो छक्के की सहायता से 31 रन तथा अंकित मिश्रा ने दो चौके एवं दो छक्के की मदद से 25 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से सबसे घातक गेंदबाजी दाहिने हाथ के लेग ब्रेक गेंदबाज परमजीत सिंह ने की जिसने अपने चार ओवर में मात्र 20 रन देकर पाँच खिलाड़ियों को चलता किया। वी० वी० जतिन, गौरव सिंह, आशीष कुमार सिंह, सनोज कुमार एवं सुमित शर्मा को एक-एक सफलता हाथ लगी।

 

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की टीम ने मात्र 13.5 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 125 रन ठोक कर मैच अपने नाम कर लिया। सुमित शर्मा ने पाँच चौके एवं दो छक्के की मदद से नाबाद 44 रन, वैसे अनुज उरांव ने तीन चौके एवं दो छक्के की सहायता से नाबाद 34 रन तथा आशीष कुमार सिंह ने दो चौके एवं दो छक्के की सहायता से 28 रन बनाए। लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की ओर से त्रिनाथ प्रधान ने 23 रन खर्च कर दो विकेट अपने नाम किए जबकि यश राज सागर को एक सफलता हाथ लगी।

 

अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में कल चाईबासा क्रिकेट क्लब का मुकाबला चक्रधरपुर के देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब से होगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *