अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26
आर० के० अकादमी सोनुआ को पराजित कर फ्रेंडस क्लब चाईबासा क्वार्टर फाईनल में


चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): ओम वर्मा की धमाकेदार बल्लेबाजी (101 नाबाद) की बदौलत फ्रेंडस क्लब चाईबासा ने आर० के० क्रिकेट अकादमी सोनुवा को एकतरफा मुकाबले में नौ विकेट से पराजित कर क्वार्टर फाईनल में प्रवेश किया।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस सोनुवा के कप्तान ने जीता तथा पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आर के अकादमी की पूरी टीम 22.2 ओवर में 144 रन बनाकर आल आउट हो गई।
इस टीम की ओर से उद्घाटक बल्लेबाज इमरान अहमद ने पाँच चौके एवं छः छक्के की सहायता से मात्र 27 गेंदों पर 61 रन ठोके। परंतु बाद के बल्लेबाजों की असफलता ने टीम को बड़े स्कोर बनाने से रोक दिया। अन्य बल्लेबाजों में शेख समीरुद्दीन ने 23, राहुल ने 19, विकेटकीपर बल्लेबाज सोनु ने 12 तथा सुम्मा घोष ने 10 रन बनाए। फ्रेंड्स क्लब चाईबासा की ओर से गेंदबाजी करते हुए दशरथ प्रियदर्शनी ने मात्र 12 रन देकर चार खिलाड़ियों को चलता किया। देवराज एवं चंदन कुमार गोप ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंडस क्लब की टीम ने ओम वर्मा एवं देवराज की धुआँधार बल्लेबाजी की बदौलत मात्र 10.3 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पहले ओवर में मात्र 6 रन के स्कोर पर शिवम पटेल (6रन) का विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आए ओम वर्मा ने बल्लेबाजी का ऐसा समा बाँधा कि विपक्षी गेंदबाज़ किंकर्तव्यविमूढ हो गए। ओम वर्मा ने मात्र 26 गेंदों पर ग्यारह चौके एवं नौ छक्के की मदद से इस सत्र का सबसे तेज शतक (नाबाद 101 रन) जड़ा। मैदान का ऐसा कोई कोना नही बचा था जहाँ उसने शाट नहीं खेले।
उसके कातिलाना बल्लेबाजी के कहर का आलम यह था कि उसने मैच के नौवें ओवर फेकने आए हिमांशु महतो के एक ओवर में लगातार पाँच छक्के जड़ कर 30 रन बटोर डाले।
यही नहीं उसने मैच का दसवां ओवर डालने आए शेख समीरुद्दीन के पांच गेंदों पर एक छक्का तथा चार लगातार चौका जड़कर 22 रन ठोक। आठवें ओवर की समाप्ति पर ओम वर्मा का स्कोर 49 रन था जो दसवें ओवर की समाप्ति पर शतक (नाबाद 101 रन) में तब्दील हो गया। दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे देवराज ने भी छः चौके एवं दो छक्के की मदद से नाबाद 42 रन बनाकर ओम वर्मा का अच्छा साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए मात्र नौ ओवर में 142 रन जोड़कर टीम को जीत दिला दी।
फ्रेंडस क्लब की ओर से गिरने वाला एकमात्र विकेट सोनुवा के चिराग राज सिंह को मिला।
10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में कल चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी का मुकाबला चक्रधरपुर के ही लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब से होगा।

