अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26
चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी को पराजित कर एम० सी० सी० चाईबासा फाईनल में


चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट के अंतर्गत आज खेले गए पहले सेमीफाईनल मैच में मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब चाईबासा ने चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी को एक रोमांचक मुकाबले में मात्र छः रन से पराजित कर फाईनल में प्रवेश किया। अब फाईनल में एम० सी० सी० चाईबासा का मुकाबला कल सेरसा चक्रधरपुर एवं एस आर रूंगटा ग्रुप के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाईनल के विजेता से बुधवार 18 फरवरी को होगा।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के पहले सेमीफाईनल मैच में टॉस चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी के कप्तान ने जीता तथा एम० सी० सी० चाईबासा को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित तीस ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 237 रनों का स्कोर खड़ा किया।
सबसे अच्छी बल्लेबाजी कप्तान अनुराग संजय पुर्ति ने की जिसने चार चौके एवं पाँच छक्के की मदद से 79 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में कुमार करण ने 35, अरविंद कुमार ने 31 तथा शिवम कुमार एवं ललित सिंह ने 27-27 रनों का योगदान दिया। चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी करते हुए गौरव सिंह एवं आशीष कुमार सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए। सनोज कुमार, परमजीत सिंह एवं रुपम डे को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे तीस ओवर खेलकर नौ विकेट के नुकसान पर 231 रन ही जुटा पाई और मात्र छः रन के अंतर से न सिर्फ मैच गंवाया बल्कि फाईनल खेलने से भी चूक गई।
चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी की ओर से सचिन दूबे ने दस चौके एवं दो छक्के की सहायता से 58 रन एवं परमजीत सिंह ने छः चौके एवं तीन छक्के की मदद से 54 रनों की पारी खेली।
अन्य बल्लेबाजों में सनोज कुमार ने 44, अनुज उरांव ने 25 एवं आशीष कुमार सिंह ने 20 रन बनाए। एम० सी० सी० चाईबासा की ओर से गेंदबाजी करते हुए आदित्य पुष्कर एवं अजीत कुमार सिंह ने तीन-तीन विकेट हासिल किए जबकि विशाल सिंह को दो एवं अनुराग संजय को एक सफलता हाथ लगी।
अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाईनल में कल गत वर्ष की उपविजेता टीम सेरसा चक्रधरपुर का मुकाबला एस० आर० रूंगटा ग्रुप चाईबासा से होगा।

