बाबूलाल मरांडी का बड़ा आरोप: कोयला तस्करी में मुख्यमंत्री, पुलिस और उग्रवादी संगठनों का गठजोड़, हर महीने 15 करोड़ की अवैध कमाई
झारखंड की राजनीति में फिर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर कोयला तस्करी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री, पुलिस अधिकारी और उग्रवादी संगठनों के बीच गठजोड़ बनाकर कोयले की अवैध तस्करी कराई जा रही है।


उन्होंने दावा किया कि अब यह काला कारोबार सिर्फ धनबाद, बोकारो और रामगढ़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पलामू और लातेहार जैसे जिलों में भी तेजी से फैल चुका है। मरांडी के मुताबिक, सिर्फ पलामू के रास्ते से ही प्रतिमाह करीब 15 करोड़ रुपये की अवैध कमाई हो रही है। यह कोयला बिहार और उत्तर प्रदेश की मंडियों तक भेजा जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य का कोयला इस तरह खुलेआम लूटा जा रहा है, तो सरकार और पुलिस प्रशासन आखिर चुप क्यों हैं? मरांडी ने कहा कि झारखंड शायद देश का इकलौता राज्य है, जहां अपराधी, पुलिस और सत्ता मिलकर संसाधनों की लूट चला रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि राज्य की संपदा का दोहन बंद हो सके।

