Newsझारखण्ड

बड़कागांव फायरिंग और चट्टी बरियातू घटना पर गरमाई सियासत, अंबा प्रसाद ने सरकार को घेरा

हजारीबाग जिले में अपराध और पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है। बड़कागांव डेली मार्केट में दिनदहाड़े हुई फायरिंग और करोड़ों के आभूषण लूट की घटना के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं केरेडारी प्रखंड के चट्टी बरियातू इलाके में जमीन के मुआवजे और पुनर्वास की मांग कर रही महिला रैयतों के साथ कथित मारपीट की खबर ने भी राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।

पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने इन दोनों घटनाओं को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल, जंगल और जमीन की रक्षा की बात करने वाली सरकार आज आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रही है।

अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन कंपनियों की सुरक्षा में व्यस्त है, जबकि आम जनता अपराध और अन्याय का शिकार हो रही है। उन्होंने कहा कि जब लोग अपने हक और अधिकार की मांग करते हैं, तो उनके साथ कठोर व्यवहार किया जाता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड आंदोलन के मूल उद्देश्यों से आज राज्य भटकता नजर आ रहा है और जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *