JamshedpurLatestNewsNews postझारखण्डराजनीतिसरायकेला

बागबेड़ा में जल संकट गहराया, कांग्रेस ने विभाग को घेरा खरकई नदी से फ्लोटिंग पंप लगाकर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग तेज

जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम:

बागबेड़ा और आसपास के इलाकों में दिनों-दिन बढ़ते जल संकट को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार और एसडीओ शिव दिनकर से मुलाकात कर स्थिति की गंभीरता पर चर्चा की और विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल समाधान की मांग रखी।

 

कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि बागबेड़ा ग्रामीण वृहद जलापूर्ति योजना वर्षों से अधर में लटकी हुई है और इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कांग्रेस ने मांग की कि इस योजना को शीघ्र पूरा कर चालू किया जाए ताकि 21 पंचायतों के लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। इसके साथ ही अस्थायी राहत के तौर पर खरकई नदी के कुसुम घाट से फ्लोटिंग पंप लगाकर पानी को फिल्टर हाउस तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए ताकि फिलहाल की समस्या का समाधान हो सके।

 

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि कई पंचायतों में सोलर जलमीनारें और हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं जिनकी मरम्मत तत्काल जरूरी है। माहुलबना पंचायत के चौरा गांव में युधिष्ठिर महतो के घर के पास स्थित सोलर जलमीनार महीनों से निष्क्रिय है, वहीं रसिकनगर पंचायत के सुसनी गांव में बलराम महतो के घर समीप की जलमीनार भी खराब है। पटमदा पंचायत के ग्राम पटमदा में शिशु लाल महतो के घर के पास नई सोलर जलमीनार की स्थापना की मांग पहले भी की गई थी जिसे अब तत्काल पूरा किया जाना चाहिए। साथ ही विभिन्न गांवों में कई हैंडपंप और नलकूप वर्षों से खराब पड़े हैं, जिनकी मरम्मत और नए नलकूप की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।

 

कांग्रेस ने जर्जर पाइपलाइन की समस्या को भी गंभीरता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई इलाकों में पुरानी और टूटी पाइपलाइनों से लगातार रिसाव हो रहा है जिससे पानी का दबाव कम हो गया है और घरों तक पर्याप्त जल नहीं पहुंच पा रहा है। खासकर जुगसलाई के साफ्रीगंज मोहल्ला में स्थिति बेहद खराब है, यहां के लोग लगातार जल संकट से जूझ रहे हैं और विभाग को इस इलाके में नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य तुरंत प्रारंभ करना चाहिए ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके।

 

कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विभाग ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाया तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि जनता अब और इंतजार करने के मूड में नहीं है और कांग्रेस लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं की लड़ाई सड़कों पर उतर कर लड़ेगी।

 

प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष राज किशोर यादव, रामलाल पासवान, अरुण कुमार सिंह, शशि कुमार सिन्हा, सामंता कुमार, संजय सिंह आजाद, सुदर्शन तिवारी, नलिनी सिन्हा, मलखान दुबे, रणजीत सिंह, वीरेंद्र पांडे, सनी सिंह, निखिल कुमार, समरेन्द्र नाथ तिवारी और सुरेश धारी शामिल थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *