Newsझारखण्ड

बच्चे की कनपटी पर पिस्टल, महिला से लाखों की लूट: पलामू में सनसनी

पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के छेचानी टोला में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली लूट की घटना हुई। घर पर अकेली मौजूद महिला और उसके छोटे बच्चे को निशाना बनाते हुए बाइक सवार तीन अपराधियों ने लाखों के जेवरात लूट लिए। घटना के वक्त पीड़िता का पति रांची में फायर ब्रिगेड कार्यालय में ड्यूटी पर था।

 

जानकारी के अनुसार, पीड़िता पूनम तिवारी अपने बच्चे के साथ घर में थीं, तभी तीन युवक बाइक से आए और अचानक घर में घुस गए। अपराधियों ने बच्चे की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और महिला को धमकाते हुए कहा कि यदि वह अपने बेटे की जान बचाना चाहती हैं, तो तुरंत सारे जेवरात सौंप दें। डर और दहशत में महिला ने लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य के जेवर और मोबाइल फोन उनके हवाले कर दिए। अपराधी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

 

सूचना मिलते ही मेदिनीनगर टाउन थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और छापेमारी शुरू की। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलते हैं कि अपराधियों को पहले से परिवार की दिनचर्या और महिला के अकेले रहने की जानकारी थी।

 

पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *