बचपन से संघर्ष कर शिक्षक बने संजय सरदार ने जेपीएससी में हासिल की बड़ी सफलता, समाज ने फूलों से किया सम्मानित, अब यूपीएससी की तैयारी का मिला आह्वान
राजनगर: संघर्ष, समर्पण और सफलता की जीवंत मिसाल बने एसएस प्लस टू हाई स्कूल, राजनगर के गणित शिक्षक संजय सिंह सरदार ने जेपीएससी में चयनित होकर न केवल अपने गांव का नाम रोशन किया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चय हो तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं होती।


संजय सरदार का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। वर्ष 2017 में रेलवे ग्रुप डी में चयनित होकर सियालदह में कार्यरत रहते हुए उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। इसके बाद वर्ष 2019 में प्लस टू शिक्षक के रूप में राजनगर विद्यालय में योगदान दिया। शिक्षक रहते हुए उन्होंने जेपीएससी की तैयारी जारी रखी, पहली बार दो अंकों से चूक गए, लेकिन हार नहीं मानी। दूसरी बार प्रयास कर झारखंड में 320वीं रैंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।
उनकी इस उपलब्धि से समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। एलआईसी के पूर्व पदाधिकारी एवं गाजुड़ संस्था के संस्थापक जन्मे जय सरदार ने व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर संजय को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान जय सरदार ने कहा, “अब तुम्हारा अगला लक्ष्य यूपीएससी होना चाहिए। उम्र तुम्हारे पक्ष में है और तुम्हारी मेहनत ने साबित कर दिया है कि तुम किसी भी परीक्षा में सफल हो सकते हो।”
संजय की सफलता ने यह संदेश दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। पूरे गांव, विद्यालय और समाज में उनके सम्मान और उत्साह का माहौल है।

