Newsझारखण्ड

बढ़ती ठंड में जागृति शाखा ने बांटे गर्म कपड़े, कंबल और खाद्य सामग्री  

 

 

चाईबासा: सर्दी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मारवाड़ी युवा मंच की जागृति शाखा जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार अभियान चला रही है। शाखा द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में गरीब एवं असहाय लोगों को गर्म कपड़े, कंबल और गरम भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए यह सेवा कार्यक्रम प्रतिदिन आयोजित किया जा रहा है। क्लब के सदस्य रात के समय शहर में भ्रमण कर ऐसे परिवारों और व्यक्तियों की पहचान करते हैं जिन्हें गर्म कपड़ों और भोजन की आवश्यकता होती है। उसी के आधार पर उन्हें वस्त्र, कंबल और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को सड़कों की सफाई करने वाले मजदूरों को भी गर्म कपड़े, कंबल और खाद्य सामग्री वितरित की गई। उनके मेहनतभरे सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

 

सचिव रिंकी अग्रवाल ने बताया कि सभी सदस्यों का सहयोग इस अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को बिना सहायता नहीं छोड़ा जाएगा।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिल्पा पीरोजीवाल सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *