बीएसएल के ठेका कर्मचारी का कुलिंग पौंड में मिला शव, इलाके में शोक
बोकारो स्टील प्लांट में कार्यरत ठेका कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय हरीशंकर पांडेय के रूप में हुई है, जो बोकारो के सेक्टर-4जी इलाके के रहने वाले थे। सोमवार की शाम वे स्कूटी लेकर घर से निकले थे, लेकिन मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे।


देर शाम परिवार को एक युवक से सूचना मिली कि कुलिंग पौंड के पास एक स्कूटी खड़ी है, जिसकी डिक्की में बीएसएल का गेट पास मिला है। सूचना देने वाले ने यह भी बताया कि कुछ लोगों ने एक स्कूटी सवार व्यक्ति को कुलिंग पौंड में छलांग लगाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने तुरंत हरला थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी तथा गेट पास को जब्त किया। अंधेरा होने के कारण तत्काल तलाशी अभियान शुरू नहीं किया जा सका। मंगलवार सुबह गोताखोरों की मदद से कुलिंग पौंड में सघन खोज अभियान चलाया गया, जहां से कुछ ही देर में हरीशंकर पांडेय का शव बरामद कर लिया गया।
शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। हरला थाना पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

