भाजपा कार्यालय पर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर हुई नोक झोंक
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): कांग्रेस पार्टी द्वारा शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय के समक्ष किए गए प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदर्शन का विरोध किया, जिसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को कार्यालय परिसर से बाहर कर दिया गया।


भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडे के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहले से कार्यालय में मौजूद थे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं और नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के समय पुलिस व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि स्थिति और बिगड़ती तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी, हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाल लिया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस को खुली छूट मिली हुई है, जिस कारण इस तरह की स्थिति उत्पन्न हो रही है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के बाद हताशा में इस तरह के कदम उठा रही है और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन नहीं कर रही है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस न्यायालय और जांच एजेंसियों से जुड़े मामलों को लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। भाजपा की ओर से कहा गया कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी भी तरह की अव्यवस्था और दबाव की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।

