भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर सुना प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सामूहिक रूप से सुना। यह प्रधानमंत्री का इस वर्ष का अंतिम मन की बात कार्यक्रम था, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया।


कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में घट रही विभिन्न सकारात्मक घटनाओं का उल्लेख किया और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की सराहना की। उन्होंने आमजन को प्रेरणा देने वाले प्रयासों को साझा करते हुए उनकी ख्याति को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने सामाजिक एकता, राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि मन की बात कार्यक्रम से उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। इस तरह के कार्यक्रमों से संगठनात्मक कार्यों के प्रति समर्पण और अधिक मजबूत होता है तथा समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार देशवासियों को जोड़ने और उन्हें राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।

भाजपा नेताओं ने कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री सीधे जनता से संवाद करते हैं, जिससे जनसरोकारों को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं ने आपसी चर्चा कर संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

