भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल के पक्ष में प्रचार वाहन रवाना, चुनावी अभियान तेज
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रमेश खिरवाल के समर्थन में चुनावी अभियान को तेज करते हुए रविवार को प्रचार वाहन को विधिवत रूप से रवाना किया गया। यह प्रचार वाहन नगर परिषद के सभी वार्डों में जाकर जनसेवा, विकास और पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाएगा।


प्रचार वाहन रवाना कार्यक्रम में जेबी तुबिद, अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रमेश खिरवाल, जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार सहित कई वरिष्ठ नेता, समाजसेवी, कार्यकर्ता और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि यह चुनाव किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि ईमानदार नेतृत्व और अवसरवादी सोच के बीच का चुनाव है।
नेताओं ने कहा कि चाईबासा की जनता दिखावे की राजनीति, लेन-देन और दबाव की राजनीति से ऊब चुकी है। उन्होंने दावा किया कि रमेश खिरवाल ऐसे प्रत्याशी हैं, जो बिना भेदभाव के सभी वर्गों को साथ लेकर नगर परिषद को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा सकते हैं।
रमेश खिरवाल ने अपने संबोधन में कहा कि नगर परिषद को भ्रष्टाचार से मुक्त करना, आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। प्रचार वाहन के माध्यम से यही संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एकमत होकर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल को क्रमांक संख्या 6, बिस्किट छाप पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।

