भारत–दक्षिण अफ्रीका मैच से पहले रांची में कड़ी सुरक्षा, जेएससीए स्टेडियम और होटल पर कड़ा पहरा
रांची। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 30 नवंबर को होने वाले वनडे मुकाबले से पहले प्रशासन ने जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। संभावित भारी भीड़, वीवीआईपी आवाजाही और टीमों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शहर से लेकर स्टेडियम परिसर तक मुस्तैदी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूरे क्षेत्र में जवान लगातार निगरानी करेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होगी।


धुर्वा स्थित स्टेडियम और उससे जुड़े इलाकों में कुल पाँच हजार जवान तैनात किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था में आतंकरोधी दस्ता, इंडियन रिजर्व बटालियन, रैपिड एक्शन पोलिस, जिला पुलिस और महिला बल की भी तैनाती की गई है। इसके अलावा छह आईपीएस अधिकारी, पंद्रह डीएसपी और तीस से अधिक थाना प्रभारी सुरक्षा संचालन की कमान संभालेंगे। पूरे क्षेत्र में चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से भीड़ और वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी।
स्टेडियम के भीतर और बाहर अग्निशमन दस्ता, फायर ब्रिगेड, वाटर कैनन और त्वरित कार्रवाई दल को भी तैयार रखा गया है। अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों के ठहरने वाले होटल रेडिशन ब्लू में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि मैच शांति और अनुशासन के साथ सम्पन्न हो सके।


