“भोगनाडीह घटना पर झामुमो का भाजपा पर हमला, कही ये बातें…”
झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने भोगनाडीह में हुई घटना को शर्मनाक और गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की भूमिका इस घटना में चिंता का विषय है और पार्टी ने संथाल परगना और झारखंड के आदिवासियों को शर्मसार करने का प्रयास किया है।


डॉ. महतो ने कहा कि सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो झारखंड के हीरो हैं और भाजपा ने उनके पावन कार्यक्रम को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के हथियारबंद लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे, जो राज्य को हिंसा और दंगे की आग में झोंकने की बड़ी साजिश थी।
डॉ. महतो ने कहा कि भाजपा राज्य में अपना जनाधार खोने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी गिरती साख के चलते बौखला गई है और दंगे-फसाद कराकर राजनीतिक साख वापस पाने की जुगत में है। उन्होंने राज्य सरकार से भोगनाडीह घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की और कहा कि झामुमो आज भाजपा का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित कर विरोध जताएगा।

