भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड नहीं, जेल भेजे सरकार: बाबूलाल मरांडी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि झारखंड के भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों का सिर्फ निलंबन नहीं, बल्कि उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता में आते ही विरोधियों से राजनीतिक दुश्मनी निकालने का सिलसिला शुरू किया, और अब उसी रास्ते पर कुछ भ्रष्ट अधिकारी चल रहे हैं।


मरांडी ने कहा कि कुछ पुलिस अधिकारी कानून को अपनी जेब में रखकर मनमानी कर रहे हैं। खूँटी के एक दारोगा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसने बिहार के बेगूसराय में चल रहे अपने निजी भूमि विवाद में दूसरे पक्ष को झूठे अफीम की खेती के केस में फंसा दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरा खेल हेमंत सोरेन और गैर-संवैधानिक डीजीपी के संरक्षण में चल रहा है।
मरांडी ने मांग की कि इन अधिकारियों की संपत्ति की जांच ईमानदार अधिकारियों से कराई जाए ताकि इनकी काली कमाई उजागर हो सके। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अफसरों को सस्पेंड करना केवल दिखावा है, ऐसे अधिकारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजना चाहिए।
साथ ही, मरांडी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष मो. एजाज रसूल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

