बनकाटी में मां लक्ष्मी पूजा पर हुआ सांस्कृतिक झूमर कार्यक्रम, प्रेम माड़ी रहे मुख्य अतिथि
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के बनकाटी गांव में श्री श्री मां लक्ष्मी पूजा समिति की ओर से मंगलवार की शाम भव्य सांस्कृतिक झूमर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और पारंपरिक झूमर नृत्य का आनंद उठाया।


कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक संगीत की धुन पर झूमर प्रस्तुत कर समा बाँध दिया। झूमर की ताल पर महिलाओं और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंग गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रेम माड़ी ने आयोजन समिति और ग्रामीणों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारे पारंपरिक मूल्यों को सहेजने और अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने समाज में एकता, प्रेम और सहयोग की भावना को बनाए रखने का आह्वान किया।
झूमर कार्यक्रम में चुमकी रानी महतो ने शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और देर रात तक झूमर की गूंज सुनाई देती रही।
मौके पर पूजा समिति के सदस्यों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में युवाओं की अहम भूमिका रही।

