बोकारो : 23 नवंबर को जरीडीह बाजार में होगा सामूहिक विवाह, 21 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में
बोकारो के जरीडीह बाजार स्थित अग्रवाल भवन में आगामी 23 नवंबर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल कल्याण महासभा के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने की, जबकि संचालन कृष्ण कुमार चांडक ने किया।


बैठक में बताया गया कि यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम अखिल भारतीय अग्रवाल कल्याण महासभा और अग्रवाल परिवार के संयुक्त तत्वावधान में अग्रसेन भवन परिसर, दामोदरनाथ महादेव मंदिर, जरीडीह बाजार में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 21 जोड़ों का विवाह नि:शुल्क संपन्न कराया जाएगा।
यह आयोजन उन परिवारों के लिए विशेष रूप से किया जा रहा है जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण विवाह कराने में असमर्थ हैं। आयोजन समिति की ओर से नवविवाहित जोड़ों को शादी का जोड़ा, अटैची, आलमारी, पलंग, किचन सेट और अन्य उपहार सामग्री प्रदान की जाएगी।
इच्छुक जोड़े अपना पंजीकरण अग्रवाल कल्याण महासभा के आवासीय कार्यालय, जरीडीह बाजार में करा सकते हैं। बैठक में प्रेम गोयल, राजू बोरा, हितेश मेहता, अजय कुमार, भोलू चंद भगत समेत कई सदस्य मौजूद थे।

