Newsझारखण्ड

बोकारो: हाथी हमले में जान गंवाने वालों को सरकार देगी 4 लाख रुपये

बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में हाथियों के हमले में दो ग्रामीणों की मौत के बाद राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि हमले में घायल सभी लोगों का इलाज राज्य सरकार अपने खर्च पर कराएगी।

घटना की सूचना मिलते ही मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और मंत्री योगेंद्र प्रसाद रांची स्थित रिम्स पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों को निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। चिकित्सकों के अनुसार, भर्ती चार बच्चे और एक महिला फिलहाल खतरे से बाहर हैं और लगातार निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

मंत्री इरफान अंसारी ने पीड़ित परिवारों से संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि सहायता राशि एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

हाथी हमलों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए मंत्रियों ने कहा कि मानव और वन्यजीव के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए ठोस और दीर्घकालिक उपाय किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और रिम्स के विस्तार, साथ ही रिम्स-2 को लेकर भी सरकार की गंभीरता दोहराई।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *