बोरियो विधायक ने किसानों को 50% अनुदान पर दिए गेहूं बीज, स्टाफ नदारद मिलने पर DC से जांच की मांग
साहिबगंज जिले के मंडरो प्रखंड में मंगलवार को किसानों के बीच गेहूं बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में बोरियो विधायक धनंजय सोरेन मौजूद रहे। उन्होंने करीब बीस किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर प्रति किसान 40 किलोग्राम के पॉकेट में गेहूं बीज का वितरण किया।


विधायक ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि वे मौसम के अनुसार खेती कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार खेती-किसानी को बढ़ावा देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए हर संभव मदद कर रही है। बीज वितरण के दौरान किसानों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम के बाद विधायक ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कार्यालय में मात्र तीन कर्मचारी मौजूद थे, जबकि बीडीओ और सीओ जिला बैठक में गए थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि दूर-दराज के पहाड़ी इलाकों से आने वाले आदिवासी किसान अक्सर बिना कार्य निपटाए लौट जाते हैं।
उन्होंने तुरंत उपायुक्त को फोन कर स्थिति की जानकारी दी और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

