DC saraikelaLatestNewsNews postझारखण्डराजनीतिसरायकेला

ब्रेक्स इंडिया कंपनी गेट पर अनिश्चितकालीन धरना: जमीनदाताओं को परमानेंट नौकरी और स्किल्ड रेट न मिलने पर JLKM का समर्थन

सरायकेला जिला अंतर्गत सरायकेला थाना क्षेत्र के बिरबांस स्थित इन्फिनिटी इंडस्ट्रियल पार्क परिसर में संचालित ब्रेक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मुख्य गेट के समक्ष गुरुवार सुबह 5 बजे से जमीनदाताओं द्वारा गेट जाम कर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। इस आंदोलन को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) का समर्थन प्राप्त है।

 

क्या है पूरा मामला:

 

वर्ष 2015 में इन्फिनिटी इंडस्ट्रियल पार्क प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बिरबांस गांव के ग्रामीणों से औद्योगिक पार्क के लिए भूमि अधिग्रहण की गई थी। उस समय जमीनदाताओं के साथ यह करार हुआ था कि उनके परिवार के सदस्य को कंपनी द्वारा स्थायी (परमानेंट) नौकरी दी जाएगी। पार्क के अंतर्गत ब्रेक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कार्यरत है, जहां अधिकांश मजदूर इन्हीं जमीनदाताओं के परिवार से हैं।

 

जमीनदाताओं का आरोप है कि कंपनी ने एक वर्ष प्रशिक्षण देने और बाद में स्किल्ड मजदूरी दर देने का आश्वासन दिया था, लेकिन न तो प्रशिक्षण मिला और न ही स्थायी रोजगार। वर्तमान में करीब 15 परिवारों के सदस्य ठेका श्रमिक के रूप में कार्य कर रहे हैं और उन्हें सिर्फ अकुशल (अनस्किल्ड) श्रमिक की न्यूनतम मजदूरी दर पर काम कराया जा रहा है।

यह पहला अवसर नहीं है जब जमीनदाता कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वर्ष 2021 में भी इसी प्रकार गेट जाम कर प्रदर्शन किया गया था, जिसमें खरसावां विधायक श्री दशरथ गगराई के हस्तक्षेप पर तत्कालीन उपायुक्त, विधायक और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता हुई थी। उस वक्त कंपनी ने लिखित समझौते में परमानेंट नौकरी देने का वादा किया था। लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक उस समझौते को लागू नहीं किया गया।

 

वर्तमान आंदोलन की अगुवाई JLKM जिला अध्यक्ष दीपक महतो कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक सभी प्रभावित परिवारों को स्थायी नौकरी और स्किल्ड मजदूरी दर नहीं दी जाती, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

 

कंपनी का पक्ष:

 

वहीं, ब्रेक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का कहना है कि उन्होंने सीधे बिरबांस के ग्रामीणों से जमीन नहीं ली है, बल्कि इन्फिनिटी इंडस्ट्रियल पार्क प्राइवेट लिमिटेड से लीज पर भूमि ली गई है। ग्रामीणों का समझौता इन्फिनिटी इंडस्ट्रियल पार्क से हुआ था। कंपनी का दावा है कि इन्फिनिटी ने सभी जमीनदाताओं को नियुक्त किया है और उन्हें ब्रेक्स इंडिया में कार्यरत किया गया है। साथ ही सभी को स्किल्ड या हाई स्किल्ड दर पर मजदूरी दी जा रही है।

 

वर्तमान स्थिति:

 

धरना स्थल पर  पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन अब तक मामले को सुलझाने के लिए वार्ता की पहल नहीं कर सका है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनके सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे गेट जाम कर धरना जारी रखेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *