बर्मामाइंस में वायु प्रदूषण पर जन सत्याग्रह का FIR-नुमा ज्ञापन TSUIL व टाटा स्टील के प्लांट बंद करने की मांग
जमशेदपुर। सामाजिक संस्था जन सत्याग्रह द्वारा आज झारखंड प्रदेश के मुख्य सचिव के नाम उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को एक लिखित मांग-पत्र (FIR-नुमा शिकायत) सौंपा गया। शिकायत में बर्मामाइंस क्षेत्र में लगातार बने हुए वायु प्रदूषण को गंभीर जनस्वास्थ्य समस्या बताया गया है।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कुछ दिनों पूर्व वायु प्रदूषण के कारण बैचिंग प्लांट हटाने का आदेश निर्गत किया गया था, जिसके अनुपालन में कुछ प्लांट हट भी चुके हैं। इसके बावजूद बर्मामाइंस क्षेत्र की वायु गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ है और स्थिति पूर्ववत बनी हुई है।
शिकायत के अनुसार, प्रदूषण का मुख्य कारण ट्यूब कंपनी के बगल में स्थित TSUIL (JUSCO) द्वारा संचालित बैचिंग प्लांट तथा टाटा स्टील द्वारा संचालित WRP क्रशर प्लांट हैं, जो पहले भी और वर्तमान में भी क्षेत्र में धूल व कण प्रदूषण के प्रमुख स्रोत बने हुए हैं। जन सत्याग्रह ने इन दोनों इकाइयों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तत्काल बंद करने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त, ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि उक्त कंपनियों से निकलने वाली विभिन्न प्रकार की स्लैग गाड़ियां नो-एंट्री समय में भी संचालित होती हैं, जो बर्मामाइंस HSM गेट एवं ट्यूब कंपनी के बगल से होकर गुजरती हैं और रास्ते में कई क्षेत्रों व कंपनियों में धूल-कण गिराते हुए प्रदूषण फैलाती हैं। इस गतिविधि को भी नियमों के तहत पूरी तरह बंद करने की मांग की गई है।
जन सत्याग्रह ने प्रशासन से त्वरित जांच कर दोषी इकाइयों पर सख्त कार्रवाई और बर्मामाइंस क्षेत्र को प्रदूषण-मुक्त बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

