Newsझारखण्डसरायकेला

बुरुहातु में सड़क निर्माण में धांधली व मनमानी का आरोप, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रोका

 

JLKM उपाध्यक्ष तरुण महतो मौके पर पहुंचे, ठेकेदार के प्रतिनिधि की गोली मारने की धमकी से माहौल गरमाया

 

ईंचागढ़ (मैसाड़ा), संवाददाता: ईंचागढ़ प्रखंड के मैसाड़ा पंचायत अंतर्गत कड़का से मैसाड़ा मार्ग पर बुरुहातु गांव में बन रही सड़क निर्माण परियोजना पर शनिवार को विवाद भड़क उठा। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए काम रोक दिया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि बिना ग्राम प्रधान को सूचित किए और बिना शिलान्यास पट्टिका लगाए कार्य शुरू कर दिया गया। निर्माण में इस्तेमाल हो रहे मटीरियल की गुणवत्ता अत्यंत खराब पाई गई है। सड़कों को अधूरा छोड़कर जगह-जगह गड्ढे कर दिए गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि जब ठेकेदार से गुणवत्ता और निर्माण के बारे में सवाल किए गए, तो उन्होंने “बारिश के बाद काम होगा” कह कर टाल-मटोल किया।

विरोध के दौरान ठेकेदार के प्रतिनिधि ने न केवल ग्रामीणों से अभद्रता की, बल्कि गोली मारने की धमकी भी दी, जिससे विवाद और बढ़ गया।

 

सूचना मिलने पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रान्तिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी तरुण महतो मौके पर पहुंचे। उनके साथ ग्राम प्रधान बलभद्र गोराई, मुखिया प्रतिनिधि सैनिक मांझी, JLKM जिला उपाध्यक्ष गुरुपद महतो, जिला महासचिव रूपेश वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष रूपेश ठाकुर समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

 

निरीक्षण के दौरान तरुण महतो ने सड़क की कई जगह खराब स्थिति और उखड़ी परतों को देखा और ठेकेदार के रवैये की तीव्र निंदा की। उन्होंने चेतावनी दी कि—

 

अगर निर्माण कार्य में अनियमितता और मनमानी जारी रही तो JLKM खुलकर विरोध करेगी और आंदोलन तक करने से पीछे नहीं हटेगी।”

 

 

ग्रामीणों ने भी स्पष्ट कहा कि वे घटिया गुणवत्ता की सड़क किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है और मटीरियल की जांच की मांग उठाई गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *