CGL के सफल अभ्यर्थियों को नए साल का बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी JSSC द्वारा आयोजित CGL प्रतियोगिता परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों को 30 दिसंबर को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं 1900 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।


इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार, इस परीक्षा में कुल 1,927 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें 847 सहायक सचिवालय पदाधिकारी, 288 कनीय सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक शामिल हैं।
चयनित अभ्यर्थियों की सूची पहले ही JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जा चुकी है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पद भरे जाएंगे, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी और युवाओं को स्थायी रोजगार मिलेगा।
गौरतलब है कि JSSC-CGL परीक्षा को लेकर विवाद झारखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा था। लंबी सुनवाई के बाद 3 दिसंबर 2025 को हाईकोर्ट के आदेश पर परिणाम जारी हुआ और अब नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

