Newsझारखण्ड

चाईबासा की गलियों में गूंजा जनसंपर्क अभियान, नितिन प्रकाश ने मांगा समर्थन 

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नितिन प्रकाश ने मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सीधे संवाद कर अपनी प्राथमिकताओं और योजनाओं की जानकारी दी।

 

नितिन प्रकाश ने वार्ड संख्या 8, 9, 10, 11 (कुम्हार टोली, बड़ी बाजार, हिंद चौक क्षेत्र) तथा वार्ड 17 (छोटा नीमडीह, बिरसा चौक शनि मंदिर क्षेत्र) में भ्रमण किया। जनसंपर्क के दौरान स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने अपनी समस्याएं भी उनके सामने रखीं।

अभियान के दौरान नितिन प्रकाश ने अपनी पहल “खाता-21” का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें क्षेत्र की समस्याओं को दर्ज कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी, सड़क और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान को वे अपनी प्राथमिकता मानते हैं।

 

भ्रमण के दौरान बाजार क्षेत्र में गंदगी, जर्जर नालियों और बिजली की समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। नितिन प्रकाश ने लोगों को भरोसा दिलाया कि नगर परिषद में अवसर मिलने पर इन मुद्दों पर काम किया जाएगा।

उन्होंने मतदाताओं से चूड़ियां छाप (बटन संख्या-3) पर मतदान कर समर्थन देने की अपील की।

 

जनसंपर्क अभियान के दौरान कुम्हार टोली और बड़ी बाजार क्षेत्र में भी उन्होंने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। चुनाव को लेकर शहर में गतिविधियां तेज हैं और प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर प्रचार अभियान चला रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *