चाईबासा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की बैठक, रमेश खिरवाल के पक्ष में बूथ स्तर तक प्रचार का आह्वान
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू चाईबासा पहुंचे। उन्होंने भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल के चुनावी कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में रमेश खिरवाल भी उपस्थित रहे।


बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, जिला चुनाव प्रभारी गुरु चरण नायक, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिद, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा और जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू मौजूद थे।
अपने संबोधन में आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे टोली बनाकर बूथ स्तर तक घर-घर संपर्क करें और प्रचार अभियान को तेज करें।

उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। जमशेदपुर के कैरो गांधी अपहरण कांड और धनबाद व रांची में बढ़ते अपराध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और विकास कार्य प्रभावित हुए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घाटशिला में दिए गए एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी से सरकार की सोच स्पष्ट होती है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लें।
उन्होंने तांबो चौक बाईपास में नो-एंट्री को लेकर हुए विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मुद्दे को उच्च सदन में उठाया गया था, ताकि स्थानीय लोगों और व्यापारियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं को सड़क से सदन तक उठाती है।
आदित्य साहू ने केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ शहरी क्षेत्रों में मिल रहा है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए क्रमांक संख्या 6, बिस्किट छाप पर मतदान कर रमेश खिरवाल को विजयी बनाएं।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडे, सतीश पूरी, मनीष राम, शुरू नंदी, राकेश शर्मा, मुकेश शर्मा, प्रताप कटियार, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, अक्षय खत्री, पिंटू प्रसाद, वीरेंद्र कुमार, गुल्लू, सुशील कुमार साव, हेमंत केसरी, दुर्गावती बोयपाई, रूपा दास, पवन शर्मा, हेमंती विश्वकर्मा और राजू खान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

