चाईबासा में भीषण सड़क हादसा: दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
चाईबासा: पांड्राशाली ओपी अंतर्गत चाईबासा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। हादसा बड़ा थलको गांव के समीप उस समय हुआ जब चाईबासा की ओर से आ रहा एक ट्रक सरायकेला की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार से टकरा गया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार संख्या JH05AQ-4961 का चालक मौके पर ही मृत पाया गया। वहीं कार में सवार एक अन्य व्यक्ति ने सदर अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।


दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में भारी चिंता का माहौल देखा गया।
सूचना मिलते ही पांड्राशाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से मार्ग पर सतर्क रहने और नियमों का पालन करने की अपील की है। घटना ने फिर से सड़क सुरक्षा के महत्व और सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है।

