Newsझारखण्ड

चाईबासा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज, रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू के चुनाव कार्यालय का हुआ उद्घाटन   

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है।

अध्यक्ष पद सहित सभी प्रत्याशी घर-घर, गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर पहुंचकर अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं। इसी क्रम में आज मंगलवार को चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित उम्मीदवार रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन खिरवाल धर्मशाला में संपन्न हुआ।

 

इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व विधायक गुरु चरण नायक, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुड़ीद, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय पांडे सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसके साथ ही सैकड़ों की संख्या में रमेश खिरवाल के महिला एवं पुरुष समर्थक भी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।

चुनाव कार्यालय का उद्घाटन चुनाव चिन्ह ‘बिस्कुट’ से सजे फीते को काटकर एवं नारियल फोड़कर किया गया। उद्घाटन के बाद आयोजित सभा में उपस्थित वक्ताओं ने रमेश खिरवाल द्वारा पिछले वर्षों में किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना की और उनके शहर के विकास से जुड़े विजन पर प्रकाश डाला।

 

मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि झारखंड सरकार की मंशा नगर निकाय चुनाव कराने की नहीं थी, लेकिन न्यायालय के निर्देश के बाद यह चुनाव हो रहा है।

 

उन्होंने कहा कि अब जरूरत है ऐसे समर्पित प्रत्याशी को नगर की जिम्मेदारी सौंपने की, जो वास्तव में शहर के विकास के लिए काम करे। उन्होंने रमेश खिरवाल को सरल, सुलभ और मिलनसार प्रत्याशी बताते हुए उन्हें समर्थन देने की अपील की।

 

पूर्व सांसद गीता कोड़ा और भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने भी रमेश खिरवाल के सामाजिक योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चाईबासा के समग्र विकास के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा और आगामी 23 फरवरी को नगर के उज्ज्वल भविष्य के लिए बिस्कुट छाप पर ही मतदान करना चाहिए।

कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों और समाज से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के साथ ही रमेश खिरवाल के चुनाव प्रचार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *