Newsझारखण्ड

चाईबासा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज, सुनील प्रसाद साव ने किया जनसंपर्क, जनता से साझा किए विकास के विजन   

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मी पूरी तरह से तेज हो गई है। स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ जोर-शोर से जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं। इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव भी शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर रहे हैं।

 

सुनील प्रसाद साव के प्रवक्ता की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वे लगातार अलग-अलग वार्डों में जाकर आम जनता से रूबरू हो रहे हैं और लोगों की समस्याओं को करीब से समझने का प्रयास कर रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान वार्ड वासियों ने उन्हें सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों से अवगत कराया।

 

मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सुनील प्रसाद साव ने कहा कि यदि जनता के सहयोग से उन्हें नगर निकाय चुनाव में जीत मिलती है, तो उनकी पहली प्राथमिकता वार्ड स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान करना होगा।

 

उन्होंने घोषणा की कि वे चाईबासा के प्रत्येक वार्ड में हर दो माह में “नगर परिषद आपके वार्ड में” कार्यक्रम चलाएंगे। इस कार्यक्रम के तहत नगर परिषद से संबंधित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी वार्ड में मौजूद रहेंगे, जहां लोग अपनी समस्याएं सीधे रख सकेंगे और उनका समाधान मौके पर ही किया जाएगा।

 

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक दो माह में हर वार्ड में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इससे गरीब, असहाय और बुजुर्ग लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही वार्ड में स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

सुनील प्रसाद साव ने कहा कि उनके पास शहर के विकास को लेकर कई और योजनाएं और विजन हैं, जिनके माध्यम से चाईबासा को विकास की राह पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने जनता से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि शहर का समग्र विकास तभी संभव है, जब प्रशासन और जनता मिलकर काम करें।

 

जनसंपर्क अभियान के दौरान समर्थकों और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली, जिससे चुनावी माहौल और अधिक गर्माता नजर आ रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *