चाईबासा में पोह महीने की संगरांद का आयोजन
चाईबासा: नानकशाही संबत 557 के अनुसार पोह (पोष) महीने की शुरुआत के अवसर पर गुरुद्वारा नानक दरबार, चाईबासा में संगरांद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा के ग्रंथी जसवंत सिंह जी द्वारा बारह माह का पाठ किया गया तथा पोह महीने का श्लोक एवं माह का महत्व संगत को सुनाया गया।


ग्रंथी जी ने समस्त साध संगत की सेहत, सुख-शांति एवं चड़दी कला के लिए अरदास की। कार्यक्रम के दौरान श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने उपस्थित संगत को संबोधित करते हुए कहा कि वाहेगुरु जी से अरदास है कि सभी का पोह का महीना सुख-शांति से व्यतीत हो।

इस अवसर पर जानकारी दी गई कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश गुरुपरब 27 दिसंबर को मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों के तहत 18 दिसंबर को गुरुद्वारा साहिब की सफाई, 21 दिसंबर को प्रभात फेरी तथा 25 दिसंबर को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ आरंभ होगा, जिसकी संपूर्णता 27 दिसंबर को होगी।
कार्यक्रम के उपरांत संगरांद का प्रसाद एवं अल्पाहार वितरित किया गया। अंत में साध संगत से निवेदन किया गया कि वे इसी प्रकार गुरु घर से जुड़े रहें।

