चाईबासा में प्रभात फेरी का आयोजन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा स्थित गुरुद्वारा नानक दरबार में 21 दिसंबर, रविवार को प्रातः चार बजे अरदास के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड स्थित जसबीर सिंह मारवाह के आवास पर पहुंची, जहां कीर्तन और अरदास की गई।


इसके बाद साध संगत कीर्तन करते हुए एवं हल्की आतिशबाजी के साथ जेएमपी चौक बड़ी बाजार होते हुए मिरी टोला में संदीप सिंह कम्बो के आवास पर पहुंची, जहां कीर्तन एवं अरदास संपन्न हुई। वहां से प्रभात फेरी सुरिंदर पाल सिंह वालिया के आवास पर पहुंची और वहां भी कीर्तन व अरदास की गई।

सभी स्थानों पर संगत के लिए प्रसाद एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। इसके उपरांत प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब वापस लौटी। वहां वाहेगुरु जी का शुकराना करते हुए अरदास की गई तथा प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने साध संगत को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 25 दिसंबर को प्रातः 11 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का श्री अखंड पाठ आरंभ होगा, जिसकी सम्पूर्णता 27 दिसंबर, शनिवार को होगी। इसी दिन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश गुरुपरब मनाया जाएगा।

