Newsझारखण्ड

चाईबासा में सुनील प्रसाद साव का जनसंपर्क अभियान तेज, मोहल्लों में बैठकों के जरिए सुनी समस्याएं

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में गतिविधियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव इन दिनों सघन जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। उनके प्रवक्ता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सुनील प्रसाद साव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ चाईबासा के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं।

 

जनसंपर्क के दौरान अलग-अलग इलाकों में छोटी-छोटी बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जहां वे आम जनता की समस्याओं को सुन रहे हैं। बताया गया कि लोगों ने सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा महिलाओं से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कई महिलाओं ने सीधे तौर पर अपनी परेशानियां साझा कीं।

उनका कहना था कि शहर में सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों पर शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने सुरक्षा और सुविधा से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी ध्यान आकर्षित किया।

 

इसके साथ ही शहर में मनोरंजन के साधनों की कमी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध प्रयासों की आवश्यकता है।

सुनील प्रसाद साव ने लोगों को भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलती है तो वे प्राथमिकता के आधार पर बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का कार्य करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और महिलाओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 

आज के अभियान में शहर के विभिन्न समुदायों और जाति समाज के लोग भी शामिल हुए। समर्थकों ने अलग-अलग वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और चुनाव में समर्थन की अपील की।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *