Newsझारखण्ड

चाईबासा नगर निकाय चुनाव: अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव के मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन  

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी अब पूरे शहर में फैल चुकी है। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर रहे हैं और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के बिहारी क्लब परिसर में चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव के मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया।

 

मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ अधिवक्ता निरंजन प्रसाद साव, आदिवासी उरांव समाज संघ के क्षेत्रीय कमेटी अध्यक्ष संचू तिर्की सहित विभिन्न समुदायों के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।

 

मौके पर उपस्थित विभिन्न समुदायों के पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए सुनील प्रसाद साव द्वारा पिछले वर्षों में किए गए सामाजिक एवं जनहित के कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि सुनील प्रसाद साव ने हमेशा समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए कार्य किया है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि आगामी नगर निकाय चुनाव में सुनील प्रसाद साव के पक्ष में मतदान करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

 

इस अवसर पर संभावित प्रत्याशी सुनील प्रसाद साव ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और शहर के विभिन्न वार्डों से आए सैकड़ों महिला-पुरुषों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वे पिछले कई वर्षों से समाज और चाईबासा शहर की सेवा में निरंतर लगे हुए हैं। शहर की समस्याओं से वे पूरी तरह अवगत हैं। उन्होंने कहा कि यदि चाईबासा की जनता का सहयोग और समर्थन उन्हें मिलता है और वे निर्वाचित होते हैं, तो उनकी पहली प्राथमिकता शहर का समग्र विकास होगा। उन्होंने जोड़ा तालाब, महिलाओं के लिए मनोरंजन के साधन, महिलाओं की सुरक्षा, लीज नवीकरण, नाली-गली सहित बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से शहर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करेंगे और जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर की जनता कभी भी उनसे सीधे अपनी समस्याएं साझा कर सकती है।

 

मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता निरंजन प्रसाद साव ने कहा कि वे बहुत कम अवसरों पर इस प्रकार के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, लेकिन जैसे ही उन्हें सुनील प्रसाद साव के मुख्य चुनाव कार्यालय के उद्घाटन की जानकारी मिली, उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि वे सुनील प्रसाद साव को कई वर्षों से जानते हैं और उन्हें समाज व चाईबासा के लिए हमेशा समर्पित पाया है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि चाईबासा के विकास के लिए सुनील प्रसाद साव को अपना आशीर्वाद और समर्थन दें।

 

विशिष्ट अतिथि आदिवासी उरांव समाज संघ के अध्यक्ष संचू तिर्की ने भी अपने संबोधन में सुनील प्रसाद साव के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खेलकूद, पर्व-त्योहार या जरूरतमंदों की सहायता, हर क्षेत्र में सुनील प्रसाद साव हमेशा आगे रहते हैं। उन्होंने मंच से आदिवासी उरांव समाज संघ की ओर से उरांव समाज के समर्थन की घोषणा भी की।

 

चुनावी कार्यालय उद्घाटन समारोह में दिलीप खंडेलवाल, प्रदीप साहू, प्रदीप साव ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रोफेसर दीपेंद्र प्रसाद, जंग बहादुर, संजय चक्रवर्ती, गोरख प्रसाद गुप्ता, मेघा तांती, दीपक खिरवाल, मुनकी शर्मा, महफूज आलम, मोहम्मद फिरोज, ओमकार करवा और बाबूलाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिलीप राम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अनंत लाल विश्वकर्मा ने किया।

 

उद्घाटन समारोह में चाईबासा के विभिन्न समुदायों, जाति एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सदस्य तथा सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष मौजूद थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *