Newsझारखण्ड

चाईबासा नगर निकाय चुनाव में सरगर्मी तेज, अध्यक्ष पद के दावेदार देवी शंकर दत्ता ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह से गर्म हो चुका है। प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ घर-घर, चौक-चौराहों और मोहल्लों में पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में चाईबासा नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए सबसे पहले नामांकन प्रपत्र खरीदने वाले देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपनी बात रखी।

 

प्रेस विज्ञप्ति में देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता ने कहा कि वे शहर की हर एक समस्या से पिछले कई वर्षों से भली-भांति अवगत हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वे शहर की सेवा करते आ रहे हैं और उसी सेवा का लाभ उन्हें इस चुनाव में मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चाईबासा की जनता की सेवा में तत्पर रहेंगे।

 

देवी शंकर दत्ता ने अपने बयान में कहा कि वे जहां-जहां जनसंपर्क के लिए जा रहे हैं, वहां उन्हें लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। लोगों से मिल रहे इस सहयोग से उन्हें यह प्रतीत होता है कि इस बार जनता उन्हें शहर की सेवा करने का अवसर अवश्य देगी। उन्होंने कहा कि वे हर समुदाय के लोगों के साथ हमेशा जुड़े रहे हैं और हर समुदाय के लोग आज उनके साथ चलने को तैयार हैं।

 

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया कि देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता ने इससे पूर्व दो बार आशीर्वाद यात्रा निकाली थी। इन यात्राओं के माध्यम से वे शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरे और आम जनमानस से संपर्क कर उन्हें अपने पक्ष में मतदान करने के लिए जागरूक करने का प्रयास किया।

 

नगर निकाय चुनाव को लेकर चाईबासा में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं और आने वाले दिनों में चुनावी सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *