चाईबासा नगर निकाय चुनाव: वार्ड संख्या 10 कुम्हार टोली से रोहित लकड़ा ने खरीदा नामांकन पर्चा
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 10 कुम्हार टोली से संभावित वार्ड पार्षद प्रत्याशी रोहित लकड़ा ने आज नामांकन पर्चा खरीदा। नामांकन पर्चा खरीदने के बाद उन्होंने मौके पर उपस्थित पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।


रोहित लकड़ा ने कहा कि लगभग 8 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शहर में नगर निकाय चुनाव हो रहा है। इस दौरान उनके वार्ड कुम्हार टोली की स्थिति काफी खराब हो गई है।
उन्होंने बताया कि वार्ड में नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी फैली हुई है, कई जगहों पर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी बदहाल है। इन समस्याओं के कारण आम लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा करने का अवसर देती है, तो उनकी पहली प्राथमिकता वार्ड की बुनियादी समस्याओं को दूर करना होगी। नालियों की नियमित सफाई, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, खराब सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था करना उनके प्रमुख कार्य होंगे। उनका लक्ष्य वार्ड संख्या 10 को एक आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करना है, जहां लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष न करना पड़े।
रोहित लकड़ा ने आगे कहा कि जनसेवा को वे अपना दायित्व मानते हैं और जनता का भरोसा मिलने पर वे अपने कर्तव्यों से कभी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और समाधान के लिए लगातार प्रयास करेंगे।
नामांकन पर्चा खरीदने के दौरान रोहित लकड़ा के साथ उनके कई समर्थक भी मौजूद थे।
समर्थकों में काफी उत्साह देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। नगर निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं।

