Newsझारखण्ड

चाईबासा से कोलकाता के लिए विंटेज कार रैली में शामिल होने रवाना हुए गुरमुख सिंह खोखर

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा के सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोप्पो ने फ्लैग दिखाकर विंटेज कार चालक गुरमुख सिंह खोखर को उनकी 1933 की ब्रिटिश मेक ऑस्टिन कार (पंजीयन संख्या ORM 108) के साथ गुरुवार को कोलकाता के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

 

गुरमुख सिंह खोखर वर्ष 1992 से लगातार स्टेटसमैन विंटेज एवं क्लासिक कार रैली, कोलकाता में भाग लेते आ रहे हैं। अब तक वह इस प्रतिष्ठित रैली में 32 बार जीत हासिल कर चुके हैं। विंटेज कारों के संरक्षण और मोटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि उल्लेखनीय मानी जाती है। उनकी 1933 मॉडल की ऑस्टिन कार रैली में आकर्षण का केंद्र रहती है और दर्शकों के बीच विशेष उत्साह पैदा करती है।

इस बार की रैली में गुरमुख सिंह खोखर के साथ रौनक सिंह खोखर भी भाग लेंगे। रौनक सिंह खोखर पाराट्रूप फोल्डिंग बाइक के साथ रैली में शामिल होंगे, जो रैली को और भी रोचक बनाएगी। पिता-पुत्र की यह जोड़ी विंटेज और क्लासिक वाहनों के प्रति अपनी रुचि और समर्पण के लिए जानी जाती है।

 

जानकारी के अनुसार, स्टेटसमैन विंटेज एवं क्लासिक कार रैली देश की सबसे प्रतिष्ठित रैलियों में से एक है, जिसमें देश-विदेश से ऐतिहासिक और दुर्लभ वाहन भाग लेते हैं। कोरोना काल के दौरान यह रैली आयोजित नहीं हो सकी थी, लेकिन अब फिर से इसका आयोजन होने से प्रतिभागियों और वाहन प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।

 

रवाना होने के दौरान स्थानीय लोगों और वाहन प्रेमियों ने गुरमुख सिंह खोखर और रौनक सिंह खोखर को शुभकामनाएं दीं। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोप्पो ने कहा कि ऐसे आयोजन जिले और राज्य की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाते हैं और युवाओं को विरासत व इतिहास से जोड़ने का काम करते हैं।

 

गुरमुख सिंह खोखर ने उम्मीद जताई कि इस बार भी रैली में उनका प्रदर्शन बेहतर रहेगा और वह चाईबासा का नाम रोशन करेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *