चाईबासा: थैलेसीमिया बच्चे को HIV संक्रमित खून चढ़ाने का गंभीर आरोप, प्रशासन पर सवाल
रांची से बड़ी खबर सामने आई है। चाईबासा के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का गंभीर मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि अस्पताल के ब्लड बैंक में एक बड़ी गलती के चलते मंझारी के सात वर्षीय थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को HIV संक्रमित खून चढ़ा दिया गया। घटना से बच्चे की जान खतरे में पड़ गई है।


पीड़ित बच्चे के पिता ने ब्लड ट्रांसफ्यूजन से जुड़ी रिपोर्ट के साथ उपायुक्त को शिकायत सौंपी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनका बेटा थैलेसीमिया से ग्रसित है और हर महीने ब्लड चढ़ाना पड़ता है।
परिजनों का दावा है कि 18 अक्टूबर को जब बच्चे को सदर अस्पताल में ब्लड चढ़ाया गया, तो कुछ दिनों बाद जांच में उसकी HIV रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि माता-पिता दोनों की रिपोर्ट निगेटिव थी।
बच्चे के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि ब्लड बैंक के एक कर्मचारी से उनकी पहले दुश्मनी थी, जिसके कारण उसने जानबूझकर संक्रमित खून चढ़ाया। वहीं, जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र ने घटना की कड़ी निंदा की है और कहा है कि दोषियों को सख्त सजा दी जानी चाहिए तथा प्रशासन बच्चे के इलाज की पूरी जिम्मेदारी ले।

