चौड़ा के पूर्व मुखिया देवनाथ साव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
ईचागढ़ : कुकड़ू प्रखंड के तिरुलडीह निवासी और चौड़ा पंचायत के भुतपूर्व मुखिया देवनाथ साव (93) का मंगलवार रात देहांत हो गया। रांची स्थित रामकृष्ण अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वे रांची में अपने बेटे के साथ रहते थे। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर तिरुलडीह लाया गया, जहां तिरुलडीह सुवर्णरेखा नदी तट पर विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। निधन की खबर से पूरे तिरुलडीह और चौड़ा पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


देवनाथ साव अविभाजित बिहार के दौरान 1974-1979 और 1979-1984 तक दो कार्यकाल के लिए तत्कालीन चौड़ा पंचायत के मुखिया रहे। वर्ष 1984 के बाद लंबे समय तक पंचायत चुनाव नहीं होने की वजह से वे करीब 20 वर्षों तक अनौपचारिक रूप से क्षेत्र के लोगों के बीच मुखिया की भूमिका निभाते रहे।
पूर्व जिप उपाध्यक्ष और देवनाथ साव के भागना अशोक साव उर्फ माझी साव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देवनाथ साव के द्वारा किए गए कार्यों को लोग कभी भूल नहीं सकेंगे। उनका जीवन और उनकी सेवाएं हमेशा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी।


