चौका थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध भट्टियाँ ध्वस्त – 105 लीटर शराब जब्त
सरायकेला-खरसावाँ, 22 सितम्बर।


आगामी पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर रोकथाम के लिए सख्ती शुरू कर दी है। उपायुक्त सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में सोमवार को उत्पाद विभाग ने चौका थाना अंतर्गत ग्राम हेसाकोचा में छापामारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने अवैध रूप से संचालित तीन चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया। साथ ही लगभग 3000 किलोग्राम जावा नष्ट किया गया तथा 105 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में भट्टी संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दायर किया जाएगा।

उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले में अवैध शराब पर नकेल कसने के लिए लगातार छापामारी अभियान जारी रहेगा। इस दौरान आवश्यकतानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई जाएगी।
छापामारी दल में अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित, गृह रक्षक बल के बरियार हेंब्रम, रंजीत कुमार सहित अन्य जवान शामिल थे।

