Newsझारखण्ड

चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी सेमीफाइनल में, शाह स्पोर्ट्स अकादमी को 8 विकेट से हराया  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी ने शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी, चक्रधरपुर को आठ विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब 15 फरवरी को सेमीफाइनल में उसका मुकाबला एमसीसी चाईबासा और फ्रेंड्स क्लब चाईबासा के बीच होने वाले तीसरे क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।

 

बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी की टीम 27.3 ओवर में 152 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से करण कुमार ने 35, आयुष श्रीवास्तव ने 29, हर्ष बाजरा ने 26 और जिशान अहमद ने 15 रन बनाए। चक्रधरपुर की ओर से आशीष कुमार सिंह ने 25 रन देकर चार विकेट लिए। सनोज कुमार को दो विकेट मिले, जबकि गौरव सिंह, रवि गोप और सुमित शर्मा को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ।

 

153 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी ने 22 ओवर में दो विकेट खोकर 153 रन बना लिए। सचिन दूबे ने 60 और सनोज कुमार ने नाबाद 66 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 111 रन की साझेदारी की। अनुज उरांव ने 13 रन का योगदान दिया। शाह स्पोर्ट्स की ओर से नीतेश पासवान और आयुष श्रीवास्तव को एक-एक विकेट मिला।

 

तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच एमसीसी चाईबासा और फ्रेंड्स क्लब चाईबासा के बीच खेला जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *