चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का कहर: आंध्र तट से आज टकराएगा, झारखंड-ओडिशा में हाई अलर्ट जारी
चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ आज शाम या रात में आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकराने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार इसका लैंडफॉल काकीनाडा के पास, छलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच होने की संभावना है। फिलहाल यह गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में दर्ज है, जिसकी रफ्तार 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में ऊंची लहरों के चलते निचले तटीय इलाकों में बाढ़ और नुकसान का खतरा बढ़ गया है।


आंध्र सरकार ने 23 जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। अब तक 50 हजार से अधिक लोग शिफ्ट किए जा चुके हैं। कई उड़ानें और ट्रेनें रद्द करनी पड़ी हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हालात की निगरानी कर रहे हैं।
तूफान का असर तमिलनाडु, ओडिशा और झारखंड में भी देखा जा रहा है। चेन्नई में भारी बारिश के कारण स्कूल बंद हैं, जबकि ओडिशा में रेड अलर्ट घोषित कर 3 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में 28 से 31 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने सभी जिलों में अलर्ट जारी किया है।

