चतरा में दिनदहाड़े लूट: हथियारबंद अपराधियों ने CSP संचालक से 70 हजार रुपये, लैपटॉप और मोबाइल लूटे
चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात हुई है। गोलकाबर गांव स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालक विकास कुमार से हथियारबंद अपराधियों ने 70 हजार रुपये नकद, लैपटॉप और मोबाइल फोन लूट लिए। जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार अपराधी दोपहर में सीएसपी केंद्र पहुंचे। दो ने हेलमेट और दो ने मास्क पहन रखा था।


संचालक ने बताया कि एक युवक ने बैंक ऑफ इंडिया खाते से पैसे निकालने की बात कही, लेकिन जैसे ही उन्होंने मना किया, अपराधियों ने पिस्टल निकालकर काउंटर खुलवाया और लूटपाट कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल और पीसीआर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीछा किया लेकिन अपराधी दंदाहा घाटी होते हुए मयूरहंड के जंगल की ओर भाग निकले। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को संचालक का एक मोबाइल फोन जंगल से बरामद हुआ।
थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस वारदात से ग्रामीणों में नाराजगी है और लोग इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

