Newsझारखण्डसरायकेला

डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

 

 

नीमडीह:

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां डंपर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

घटना चांडिल अनुमंडल के पारगामा पंचायत के चुनचुरिया गांव के जामडीह टोला की है।

बताया जा रहा है कि धनंजय दास नामक युवक अपनी पत्नी को लाने के लिए बेलडीह, थाना बोड़ाम जिला पूर्वी सिंहभूम से कुकड़ू की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे, तालाब के पास टर्निंग पर कुकड़ू दिशा से आ रही एक खाली डंपर गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर डंपर लेकर मौके से फरार हो गया।मृतक के परिजनों के अनुसार, धनंजय दास के चार बच्चे हैं तीन बेटियां और एक बेटा। वहीं उसकी पत्नी दो बच्चों के साथ कुकड़ू में पति के आने का इंतजार कर रही थी। मोबाइल पर सूचना मिलते ही वह अपने पिता के साथ मौके पर पहुंची और बच्चे समेत फूट-फूटकर रोने लगी। सूचना पाकर नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार डंपर का नंबर मिल गया है और परिवहन विभाग से गाड़ी की पूरी जानकारी मंगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

गौरतलब है कि इसी स्थान से महज सौ फीट की दूरी पर एक सप्ताह पहले भी सड़क हादसा हुआ था, जिसमें एक युवक की इलाज के दौरान रांची रिम्स में मौत हो गई थी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। वाहन का नंबर ट्रेस कर लिया गया है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *