Newsझारखण्ड

देवेंद्र माझी की श्रद्धांजलि सभा की तैयारी जोरों पर, 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे शिरकत  

 

गोइलकेरा, 12 अक्टूबर:

जल, जंगल और जमीन आंदोलन के अग्रणी नेता शहीद देवेंद्र माझी की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा की तैयारियां गोइलकेरा हाट मैदान में पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। 14 अक्टूबर को होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कई मंत्री और कोल्हान क्षेत्र के विधायक शामिल होंगे।

 

कार्यक्रम को लेकर मैदान में विशाल पंडाल और मुख्य मंच का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं और देवेंद्र माझी के अनुयायियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

 

कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सांसद जोबा माझी लगातार तैयारी में जुटी हैं। रविवार को उन्होंने मनोहरपुर स्थित हाजरा प्रांगण और गोइलकेरा हाट मैदान का निरीक्षण कर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान सांसद ने तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

गोइलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा सहित कई स्थानीय पदाधिकारी भी स्थल निरीक्षण में मौजूद रहे। बताया गया कि सोमवार शाम तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

 

गौरतलब है कि देवेंद्र माझी 1980 में चक्रधरपुर और 1985 में मनोहरपुर से विधायक निर्वाचित हुए थे। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासियों के हक-अधिकार के लिए लंबा संघर्ष किया। 14 अक्टूबर 1994 को असामाजिक तत्वों द्वारा उनकी हत्या कर दी गई थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *