Newsझारखण्ड

धालभूमगढ़: सागवान पेड़ों की अवैध कटाई पर भड़के चंपाई सोरेन, वन विभाग की निष्क्रियता पर उठाए सवाल

धालभूमगढ़ से बड़ी खबर

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने धालभूमगढ़ प्रखंड के मौदाशोली और हवाई पट्टी क्षेत्र में सागवान पेड़ों की अवैध कटाई पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि जंगलों में हो रही यह गतिविधि वन विभाग की लापरवाही और निष्क्रियता को दर्शाती है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और ग्रामीणों की शिकायतों के बाद चंपाई सोरेन ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि “धालभूमगढ़ के हरे-भरे जंगल हमारी अमूल्य प्राकृतिक संपत्ति हैं, जिनकी सुरक्षा हर हाल में होनी चाहिए।”

 

ग्रामीणों के अनुसार, बीते कुछ हफ्तों से रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर सागवान और साल के पेड़ काटे जा रहे हैं। लकड़ी माफिया खुलेआम ढुलाई कर रहे हैं, जबकि वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कई बार सूचना देने के बावजूद अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।

 

पर्यावरण प्रेमियों ने भी चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो धालभूमगढ़ के जंगल जल्द ही उजड़ जाएंगे। चंपाई सोरेन ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ पर्यावरण का नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का भी सवाल है।”

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *